Hero Motocorp की प्रीमियम बाइक को नहीं मिल रहे खरीदार, पिछले तीन महीने से नहीं हुई एक भी यूनिट्स की बिक्री
Hero की प्रीमियम बाइक को खरीदारों का इंतजार
हीरो मोटोकॉर्प की प्रीमियम बाइक सेगमेंट में Hero Karizma XMR को ऑफर किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बाइक को खरीदारों का इंतजार है। बीते तीन महीनों के दौरान इसकी एक भी यूनिट की बिक्री नहीं हुई है।
आंकड़ों ने दी जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स में इस बाइक के पिछले एक साल की बिक्री के आंकड़ों को दिया गया है। जिसके मुताबिक दिसंबर 2024, जनवरी 2025 और फरवरी 2025 में एक भी यूनिट की बिक्री नहीं हुई है। इसके पहले नवंबर 2024 में चार यूनिट्स की बिक्री हुई थी। अक्टूबर 2024 में यह संख्या सात थी। सितंबर 2024 में 48, अगस्त 2024 में 258, जुलाई 2024 में 529, जून 2024 में 476, मई 2024 में 663, अप्रैल 2024 में 947, मार्च 2024 में 1874 यूनिट्स की बिक्री देशभर में हुई थी।
मंथली बेसिस पर लगातार हुई गिरावट
आंकड़ों के मुताबिक मंथ ऑन मंथ बेसिस पर बाइक की बिक्री में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। मार्च 2024 में इस बाइक को 1874 लोगों ने खरीदा था, वहीं मार्च 2025 में यह संख्या जीरो हो चुकी है।
बिक्री बढ़ाने के लिए Combat Edition हुआ था लॉन्च
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से बाइक की बिक्री बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। इसी कारण जनवरी 2025 में इसके Combat Edition को भी ऑफर किया गया था। लेकिन आंकड़ों के मुताबिक बिक्री जीरो ही है।
कितना दमदार इंजन
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से Karizma XMR में 210 सीसी की क्षमता का 4वॉल्व सिंगल सिलेंडर लिक्विड कूल्ड डीओएचसी इंजन दिया जाता है। जिससे इसे 25.5 पीएस की पावर और 20.4 न्यूटन मीटर का टॉर्क मिलता है। इसके साथ इसमें 6स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।
कब हुई थी लॉन्च
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से करिज्मा XMR को 29 अगस्त 2023 को औपचारिक तौर पर भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था। बाइक की मौजूदा एक्स शोरूम कीमत 1.81 लाख रुपये है और इसे Iconic Yellow, Turbo Red, Matte Phantom Black जैसे रंगों के विकल्प में ऑफर किया जा रहा है।
देश-दुनिया की हर ताज़ा खबर और सटीक जानकारी, हर पल आपके मोबाइल पर! अभी डाउनलोड करें- जागरण ऐप