PM Awas Yojana: पात्र लोगों को पीएम आवास का कैसे मिलेगा लाभ? A टू Z सारे सवालों के जवाब यहां जानें - PM Awas Yojana Get PM Awas Yoj

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। मैडम, गांव गंदा रहता है, सफाईकर्मी नहीं आता है, नालियां गंदगी से भरी है। राशन कार्ड को आवेदन किया था, बना नहीं। व्यक्तिगत शौचालय के लिए आवेदन किया था, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पीएम आवास का लाभ नहीं मिला है। नाम आता है तो प्रधान वोट नहीं देने की वजह से कटवा देता है। बच्चों के साथ झोपड़ी में रहना पड़ता है, वर्षा के दिनों में काफी परेशानी होती है। रजबहा में करहल कस्बे का पानी आता है, कुलाबे बंद हो गए हैं, बदबू से परेशानी होती है।
कुछ ऐसे प्रश्न बुधवार को दैनिक जागरण में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम में पाठकों ने किए, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु आइएएस ने इनका समाधान किया। कई मामलों में जांच कराने का आश्वासन दिया। प्रस्तुत है पाठकों के प्रश्न और मुख्य विकास अधिकारी के उत्तर।

प्रश्न- पीएम आवास का लाभ नहीं मिला, गरीब हैं। नाम आता है तो प्रधान कटवा देता है। आवास का लाभ कैसे मिलेगा।

विद्या देवी औन्हा, आदेश कंझरा, लक्ष्मी सौंज, राहुल सौंज, अर्चना देवी जगतपुर, संजू अली औन्हा, कमलेश औन्हा, राजकुमार सौंज, जयवीर सौंज, ईश्वर दयाल बमटापुर, दीपू जगतपुर, कमलेश तिवारी जगतपुर, अंकित औन्हा, माया देवी औरंध ने ये सवाल किए।

 

उत्तर- जनपद में इन दिनों पीएम आवास के लिए सर्वे चल रहा है, जो 15 अप्रैल तक चलेगा। इसके लिए सर्वे कराएं या पीएमएवाई सर्वे 2024 के जरिये स्वयं भी कर सकते हैं। सत्यापन में पात्र मिलने पर आवास का लाभ अवश्य मिलेगा।

प्रश्न- गांव में पाठशाला संचालित थी, जिसे अन्य गांव के जूनियर स्कूल से संबद्ध कर दिया है।

अजय कुमार, नगला पुनू ने ये सवाल किए।

उत्तर- भवन जर्जर है तो गांव में पाठशाला का संचालन संभव नहीं है। भवन मरम्मत लायक है तो दिखवाएंगे। शासन को भी इस बारे में लिखा जाएगा। गांव में पाठशाला संचालन को व्यवस्था कराई जाएगी।

प्रश्न- प्रधान के खिलाफ डीएम से शिकायत की थी, डीपीआरओ ने एक शपथ पत्र होने की कहकर जांच से मना कर दिया। अब तीन शपथ पत्र में शिकायत की है, कुछ नहीं हुआ।

विक्रमजीत सिंह, औन्हा, करहल ने ये सवार पूछे।

उत्तर- डीएम से शिकायत की है तो शपथ पत्र जांच के लिए ब्लॉक भेजे गए होंगे। सत्यापन में शपथ पत्र सही मिलने पर जांच को कमेटी बनाई जाएगी।

प्रश्न- 2015 के कार्यकाल में हमने ग्राम पंचायत में पंचायत घर बनाया था, अब पूर्व प्रधान सुंदरीकरण के नाम पर धनराशि बटोर रहा है।

रामकिशोर यादव, कंझरा ने ये सवाल किए।

उत्तर- इसकी जानकारी कराएंगे। डीपीआरओ से गांव जाकर जांच को निर्देशित किया जाएगा, सरकारी धन का दुरुप्रयोग नहीं होने दिया जाएगा।

प्रश्न- गांव की नालियां बंद हैं, करहल चेयरमैन ने कई साल से ग्राम सभा का हिस्सा बताकर सफाई से मनाकर दिया है। 

जगराम सिंह, नगला अनूप।

उत्तर- ग्राम पंचायत में यह मजरा आता है तो टीम भेजकर सफाई का काम कराया जाएगा। ग्रामीणों को परेशानी नहीं होगी।

प्रश्न- प्रधान अपनी बिरादरी के लोगों को पीएम आवास का लाभ दिलवा रहा है। अनुसूचित जाति के लोगों के नाम सर्वे में शामिल नहीं कराए हैं।

– रामचरन कठेरिया, कंझरा।

उत्तर- अगर आप पात्र हैं तो पीएम आवास का लाभ अवश्य मिलेगा। आप लोग स्वयं भी सर्वे कर सकते हैं।

प्रश्न- घर के समीप जलभराव हो रहा है, प्रधान और सचिव नाली बना रहे हैं। जलभराव से मकान चटक गया है।

– मंजीत कुमार, नगला अनूप।

उत्तर- सोक पिट बनवाने को अगर आसपास जमीन हो तो जलभराव समस्या दूर हो जाएगी। गांव में टीम लगाकर सफाई का काम करवाया जाएगा।

प्रश्न- गांव में सफाई नहीं हो रही, सफाईकर्मी सफाई करने नहीं आता है। लाइट में भी घपला हुआ है।

– गौरव, जसरऊ।

उत्तर- आपकी शिकायत की जांच कराई जाएगी। गांव में टीम लगवाकर सफाई कराई जाएगी।

प्रश्न- गांव में हमारा मुहल्ला ऊंचाई पर है, पेयजल की समस्या है।

– मदन गोपाल पाराशर, अकबरपुर औंछा।

उत्तर- किसी अधिकारी से समस्या का पता कराया जाएगा। हैंडपंप की जरूरत होगी तो अवश्य सहयोग करेंगे।

प्रश्न- गांव आदर्श है, लेकिन दो साल से सफाईकर्मी काम पर नहीं आया है। कहता है कि नगर में ड्यूटी है।

– शिवराज सिंह, जलालपुर।

उत्तर- निरीक्षण कराएंगे, कार्रवाई होगी। संचारी अभियान चल रहा है, टीम बनाकर सफाई का काम कराया जाएगा।

प्रश्न- करहल रजबहा में नगर पंचायत करहल ने गंदा पानी चला रखा है, जिससे सैफिन बंद हो गई हैं, बदबू से परेशानी होती है।

– शैलेंद्र यादव, करहल।

उत्तर- रजबहा में गंदा पानी डालना गलत है, संबंधित विभाग के अधिकारी से निरीक्षण कराएंगे। सफाई भी कराई जाएगी।

प्रश्न- गांव में नाली बंद है, समस्या है। पानी का प्रेशर नहीं आता है। प्रधान सुनवाई नहीं करता है।

– जितेंद्र सिंह चौहान, चितायन।

उत्तर- जिला पंचायत राज विभाग से इस मामले को दिखवाया जाएगा, समस्या का समाधान होगा।

जागरण के प्रश्न-

आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए इस समय क्या काम चल रहा है।

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनवाए जा रहे हैं, नए भवन भी तैयार हो रहे हैं। यह केंद्र सभी सुविधाओं से सुसज्जित होंगे। 

मॉडल गांव बनाने का काम अभी पूरा नहीं हुआ है, कब तक कराया जाएगा।

उत्तर- सभी ब्लॉक में 45 गांव मॉडल बनाए जा रहे हैं, कुछ काम रह गए हैं, जिनको जल्द पूरा कराया जा रहा है।

तालाब सुंदरीकरण के लिए कोई योजना बनाई है।

फेस- टू में एक एकड़ से अधिक रकबा के तालाब अमृत सरोवर बनेंगे, जल्द चिन्हित करने का काम होगा। 

समूह से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने को क्या बेहतर काम कराए जा रहे हैं।

महिलाओं को घरेलू उपयोग में काम आने वाली सामग्री बनाने को प्रशिक्षण दिलवाया है। साफ्ट खिलौने आदि बनवाए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- PM Awas Yojana: पीएम आवास योजना के सर्वे की लास्ट डेट बदली, अब जल्द पूरा होगा अपने घर का सपना
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।