वेस्टइंडीज ने T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का किया ऐलान, शे होप कप्तान तो इस दिग्गज की भी वापसी - west indies named their 15 member squad for t20 world cup 2026 shai hope captain
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप सात फरवरी से शुरू होने वाला है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन भारत और श्रीलंका में हो रहा है। वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड कप के लिए शे होप को अपना कप्तान चुना है। इसके अलावा टीम में जेसन होल्डर, रोवमन पॉवेल और रोमारियो शेफर्ड की भी वापसी हुई है, जिनको हाल ही में रेस्ट दिया गया था।
बता दें कि जेसन होल्डर कैरेबियाई टीम के पूर्व कप्तान भी रह चुके हैं। वह वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक वेस्टइंडीज के लिए 69 टेस्ट, 138 वनडे और 86 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में होल्डर के नाम 3073 रन और 162 विकेट हैं। वनडे में 2237 रन और 159 विकेट हैं। वहीं टी20 में 746 रन के साथ होल्डर ने 97 विकेट भी लिए हैं।
अल्जारी जोसेफ और ईवन लुइस टीम में नहीं
वेस्टइंडीज ने अपने तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और विस्टफोटक बल्लेबाज ईवन लुइस को चोटिल होने के चलते नहीं चुना है। दोनों ही शानदार खिलाड़ी हैं। हालांकि, तेज गेंदबाज के रूप में वेस्टइंडीज ने शमार जोसेफ को चुना है, जोकि टी20 वर्ल्ड कप में अपनी गेंदबाजी से कमाल कर सकते हैं। ओपनिंग के लिए उनके पास जॉनसन चार्ल्स और ब्रैंडन किंग भी हैं। शे होप भी जरूरत पड़ने पर ओपनिंग कर सकते हैं।