गणतंत्र दिवस में शरीक होने से गदगद EU चीफ, उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा ने दिल खोलकर की तारीफ - eu chiefs ursula von der leyen and antonio costa were heartily appreciative of india participation in the republic day parade
भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले, यहां के भव्य कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को देखने के बाद यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोमवार को कहा कि एक सफल भारत दुनिया को अधिक स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित बनाता है। वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए और देश के सबसे बड़े इस समारोह के गवाह बने।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों, विदेशी राजनयिकों और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ भव्य सैन्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखा।
वॉन डेर लेयेन ने क्या कहा?
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष वॉन डेर लेयेन ने समारोह के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होना मेरे लिए जीवन भर का सम्मान है। एक सफल भारत दुनिया को अधिक स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित बनाता है और हम सभी को इससे लाभ होता है।
गणतंत्र दिवस पर हमें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद, राष्ट्रपति महोदय स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद। यूरोप और भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, जो एक नई वैश्विक व्यवस्था को आकार देने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसीलिए हम अपनी साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए यहां उपस्थित हैं।
द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी का धन्यवाद: एंटोनियो कोस्टा
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद, जिन्होंने भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य परेड में यूरोपीय संघ को आमंत्रित किया। यह परेड भारत के समृद्ध इतिहास और जीवंत सांस्कृतिक विविधता का एक शानदार उत्सव है, साथ ही भविष्य के लिए इसकी आकांक्षाओं का प्रतीक भी है।
यह पहली बार था जब यूरोपीय संघ (ईयू) के दो शीर्ष नेताओं ने मुख्य अतिथि के रूप में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। कोस्टा और वॉन डेर लेयेन एक उच्चाधिकार प्राप्त प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिखर वार्ता करेंगे। गणतंत्र दिवस परेड में यूरोपीय संघ की एक छोटी सैन्य टुकड़ी ने भी भाग लिया जिसका नेतृत्व कर्नल फ्रेडरिक साइमन स्प्रुइज्ट कर रहे थे।